CM योगी का सख्त संदेश- ‘बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जेल या जहन्नुम’, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
पिंडरा में कामकाजी महिला सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों और आशा वर्करों को सम्मानित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन को सरकार की प्राथमिकता बताया।
वाराणसी, 09 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम में जाने के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पूंजी के अभाव में अब किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहेगा। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी।
एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री याेगी बाबतपुर-पिंडरा स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित "कामकाजी महिला सम्मान समारोह" को संबोधित कर रहे थे। समारोह में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों और आशा वर्करों को सम्मानित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेटी की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मिशन शक्ति के माध्यम से बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत आधार मिला है। उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। प्रदेश की वीरांगनाओं के नाम पर पीएसी की महिला बटालियन भी बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि आज यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में पीएसी की तीन महिला बटालियन का नाम तीन महान वीरांगनाओं—रानी अवंतीबाई लोधी, वीरांगना ऊदा देवी और वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आक्रामक तेवर में पूर्ववर्ती सरकारों को सीधे निशाने पर लेकर कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, खेल, सेना सहित किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सरकार दृढ़ संकल्प के साथ महिलाओं के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वाराणसी की हस्तकला और साड़ियों से लेकर फिरोजाबाद के कांच उद्योग तक स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और रोजगार बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काशी अपनी आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी की इस पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। विकास के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। योगी ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का काम भी कर रही है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों में आधी सीटें बेटियों के लिए सुनिश्चित की गई हैं। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने महिला आर्थिक स्वावलंबन पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 28 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने पारिवारिक लाभ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विधवा, दिव्यांग और बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपये की पेंशन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में फिल्म के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे में हमेशा की भांति कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। उन्होंने दर्शन पूजन के बाद बाबा से देश—प्रदेश में सुख शान्ति और लोकसमृद्धि की कामना की। इस दौरान दोनों मंदिरों में सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया था।