ब्रजेश पाठक बोले- तेजी से आगे बढ़ रहा यूपी का वस्त्र उद्योग, ग्लोबल मार्केट तक पहुंच रहा प्रदेश का कपड़ा

लखनऊ में UP Tex-2026 के समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नई तकनीक, निवेश और बेहतर बाजार से प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग को नई गति मिल रही है।

ब्रजेश पाठक बोले- तेजी से आगे बढ़ रहा यूपी का वस्त्र उद्योग, ग्लोबल मार्केट तक पहुंच रहा प्रदेश का कपड़ा

लखनऊ, 09 सितंबर। आज का उत्तर प्रदेश बहुत तेजी से तरक्की कर रहा है। वस्त्र उद्योग भी पीछे नहीं है। एक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं में रोटी, कपड़ा और मकान होता है। नई तकनीक के आधार पर वस्त्रों का उत्पादन हो रहा है।

यह कहना है प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का। वे बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय “यूपी टेक्स-2026” समारोह के समापन अवसर को संबोधित कर रहे थे।

हमारी सरकार ने दिया वस्त्र उद्योग को मार्केट

उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य में वस्त्र उद्योग पहले से स्थापित है लेकिन उसे मार्केट नहीं मिल पाता था। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने वस्त्र उद्योग को मार्केट दिया और आज उत्तर प्रदेश का वस्त्र देश और दुनिया में जा रहा है। उत्तर प्रदेश में वस्त्र उद्योग को लेकर काफी निवेश भी आ रहा है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हथकरघा और वस्त्र क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।

समृद्ध हथकरघा एवं वस्त्र परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत

उप मुख्यमंत्री पाठक ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध हथकरघा एवं वस्त्र परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ लाखों कारीगरों, बुनकरों एवं उद्यमियों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। यह आयोजन प्रदेश की पारंपरिक कला, आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को एक मंच पर लाने का सराहनीय कार्य है। हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के बुनकरों एवं हस्तशिल्पियों को सशक्त बनाते हुए उनके हुनर को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जाए, ताकि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को और मजबूती मिले।

इस अवसर पर मंत्री राकेश सचान, हथकरघा के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, आयुक्त एवं निदेशक, हथकरघा के. विजेंद्र पांडियन, विशेष सचिव हथकरघा शेषमणि पांडेय, महासचिव, सीआईटीआई चंद्रिमा चटर्जी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।