केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश-राहुल पर बड़ा हमला, बोले- ‘2047 तक नहीं बनेगी सपा-कांग्रेस की सरकार’
अमेठी के जायस पहुंचे डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सत्ता में वापसी के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक सपा-कांग्रेस की सरकार बनने वाली नहीं है।
अमेठी, 06 सितंबर ।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अमेठी के जायस स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित एस.सी. बोस, होमी भाभा एवं विद्यासागर छात्रावासों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि 2047 तक सपा-कांग्रेस की सरकार बनने वाली नहीं है।
केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह सत्ता में आने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन उनका सपना पूरा नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जितने सपने देखना चाहें, देख लें, लेकिन 2047 तक मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले हैं। राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने कहा कि न तो उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी और न ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।
डिप्टी सीएम ने साधा सपा-कांग्रेस पर निशाना
उप मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान में तीन नवनिर्मित छात्रावासों का लोकार्पण किया। संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने संस्थान की उपलब्धियों और छात्रावासों की सुविधाओं की जानकारी दी। मौर्य ने विद्यार्थियों से पेट्रोलियम, ग्रीन फ्यूल, जैव ईंधन, वैकल्पिक ऊर्जा और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में शोध एवं नवाचार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के 17 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और 1.20 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
इसके बाद डिप्टी सीएम ओदारी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने आवास योजना की लाभार्थी कृष्णा मौर्य के घर जाकर स्वीकृति पत्र और डेमो चेक सौंपा। उन्होंने परिवार से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी लिया ।