सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता रणनीति बनी
—प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में श्रावण मास और एलिवेटेड कॉरिडोर पर हुआ मंथन, कार्यालय पर की जनसुनवाई
वाराणसी,25 जुलाई । पावन सावन मास के आगमन के साथ ही धर्मनगरी काशी शिवभक्ति के रंग में रँगने के लिए पूरी तरह तैयार है। बाबा विश्वनाथ की इस पवित्र नगरी में देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश शासन व जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री तथा प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में सावन मास को लेकर बैठक हुई।
सिगरा स्थित महापौर अशोक कुमार तिवारी के आवास पर हुई बैठक में शहर के ढांचागत विकास, आगामी पर्वों की तैयारियों और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान 29 जुलाई को संत रविदास मंदिर (सीर गोवर्धन) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, सफाई अभियान, शुद्ध पेयजल, निर्वाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था पर मंथन हुआ। साथ ही, वाराणसी में स्वीकृत नवीन गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर और अमृत 2.0 के अंतर्गत जारी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया सहित जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त और वीडीए उपाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रामनगर पहुंचे। उन्होंने वहां पर लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था उसके बाद एक मलिन बस्ती और बैंक ऑफ़ बड़ौदा के पास गलियों में मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पर जनसुनवाई की। प्रभारी मंत्री ने संत रविदास जन्म स्थल पर बनाए जा रहे म्यूजियम और सभा स्थल की तैयारी का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, विधायक रोहनिया सुनील पटेल, विधायक अजगरा त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य आदि भी मौजूद रहे।------------