प्रयागराज में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 3 दिन हल्की-मध्यम बारिश के आसार; यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD लखनऊ के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 8 सितंबर तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। प्रयागराज और पूर्वी यूपी में बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना है।
प्रयागराज, 04 सितंबर । आगामी तीन दिनों के मध्य प्रयागराज सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। यह पूर्वानुमान शुक्रवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ केंद्र ने जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चार सितंबर से आठ सितंबर तक प्रदेश में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार चार सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पांच और छह सितंबर को भी कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। वातावरण में नमी और मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है। प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। उन्होंने लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी।
मौसम विभाग के चार सितंबर के पूर्वानुमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, बिजनौर, झांसी, ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
पांच सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दिन सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, मैनपुरी, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गाजियाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं समेत कई जिलों में बारिश की संभावना दर्शाई गई है।
छह सितंबर को भी पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनने की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है।
डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा। हालांकि, स्थानीय स्तर पर अचानक तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।