प्रयागराज में 18.20 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 91 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है
प्रयागराज, 24 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाने एवं नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को एक युवक को स्मैक तस्करी मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 91 ग्राम स्मैक बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 18.20 लाख रुपये आंकी गई है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित झूंसी थाना क्षेत्र के नारायण दास का पुरा गांव निवासी अमर सोनकर उर्फ बाबा है। पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर झूंसी के त्रिवेणीपुरम ग्राउंड क्षेत्र से अमर सोनकर को गिरफ्तार किया।
आरोपित के कब्जे से 91 ग्राम स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 18.20 लाख रुपये आंकी गई है, तथा नशीले पदार्थ की बिक्री से मिले 2,220 रुपये नकद बरामद किया है।
कमिश्नरेट प्रयागराज की झूंसी थाना पुलिस ने नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) के सहयोग से शुक्रवार को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस मामले में थाना झूंसी में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ वर्ष 2019 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। कार्रवाई में झूंसी थाना पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम शामिल रही।