मां कल्याणी देवी सोने की ढेड़िया धारण कर देंगी दर्शन, 24-25 अक्टूबर को महोत्सव
प्रयागराज के शक्तिपीठ में दो दिवसीय महाशृंगार एवं ढेड़िया महोत्सव; शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक होंगे दर्शन, शाम 7 बजे उतारी जाएगी महाआरती
प्रयागराज, 24 अक्टूबर । शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में ढेड़िया पर्व के अवसर पर 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय वार्षिक महाशृंगार एवं ढेड़िया महोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान मां कल्याणी देवी का सोने के आभूषणों और बेला व गुलाब के फूलों से भव्य शृंगार किया जाएगा। मां अपने हाथों में सोने की ढेड़िया धारण कर भक्तों को दर्शन देंगी। धार्मिक मान्यता है कि मां के इस स्वरूप के दर्शन से भक्तों की विपत्तियां दूर होती हैं और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने शुक्रवार को बताया कि दोनों दिन शाम छह बजे से रात 12 बजे तक भक्त मां के महाशृंगार के दर्शन कर सकेंगे। मां की महाआरती शाम सात बजे उतारी जाएगी। इस विशेष आयोजन के लिए मंदिर परिसर को फूलों, फलों और विभिन्न शृंगार सामग्रियों से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। मंदिर की सजावट की जिम्मेदारी दिनेश शर्मा (डीके आर्टीशियन) संभालेंगे।
150 वर्षों से निभाई जा रही है परंपरा
पंडित सुशील पाठक ने बताया कि मां कल्याणी देवी मंदिर में ढेड़िया का विशेष शृंगार करीब 150 वर्षों से किया जा रहा है। यह परंपरा प्रयागराज के विशिष्ट धार्मिक शृंगार आयोजनों में अपना अलग स्थान रखती है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के इस विशेष स्वरूप के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होंगे धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव के दौरान पं. श्याम पाठक द्वारा मां का महाभिषेक और षोडशोपचार पूजन कराया जाएगा। पं. सुशील पाठक मां का महाशृंगार और महाआरती संपन्न कराएंगे। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी और दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जाएगा।
दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में भक्तों को मां कल्याणी देवी के भव्य स्वरूप के दर्शन के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मंदिर परिसर में सजावट और विशेष पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।