जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस का बड़ा बयान, कमलेश्वर पटेल बोले- ‘पूरे देश में कराना जरूरी’

प्रयागराज पहुंचे कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए जातीय जनगणना की मांग उठाई। उन्होंने तेलंगाना की तर्ज पर देशभर में जातीय आंकड़े जुटाने की बात कही।

जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस का बड़ा बयान, कमलेश्वर पटेल बोले- ‘पूरे देश में कराना जरूरी’

प्रयागराज, 06 सितंबर । मध्य प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल ने रविवार सुबह प्रयागराज प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने जातीय जनगणना को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने पूरे देश में जातीय जनगणना कराए जाने की मांग की।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि जिस तरह तेलंगाना सरकार ने जातीय जनगणना कराई है, उसी तरह पूरे देश में भी जातीय जनगणना कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए जाति से जुड़ी डिजिटल जानकारी दर्ज करने का प्रावधान किया गया है, लेकिन सामान्य वर्ग, अति पिछड़े, पिछड़े और मुस्लिम समाज के लिए इस तरह की जानकारी दर्ज करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में सामाजिक न्याय की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।



इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी, यमुनापार कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल, गंगापार कांग्रेस अध्यक्ष असफाक अहमद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता किशोर वार्ष्णेय, कांग्रेस नेता राधेश्याम यादव और मीडिया प्रभारी विनय पांडेय मौजूद रहे।