जन्माष्टमी और लंबे सप्ताहांत पर यात्रियों को राहत, प्रयागराज-दिल्ली के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

नई दिल्ली–सूबेदारगंज के बीच तीन-तीन फेरे लगाएगी सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस, 18 कोच की होगी ट्रेन

जन्माष्टमी और लंबे सप्ताहांत पर यात्रियों को राहत, प्रयागराज-दिल्ली के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

प्रयागराज, 02 सितंबर । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और आगामी लंबे सप्ताहांत में यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और प्रयागराज के सूबेदारगंज के बीच आरक्षित सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02416/02415 दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे दिल्ली और प्रयागराज के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यह जानकारी बुधवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 02416 नई दिल्ली-सूबेदारगंज विशेष एक्सप्रेस नई दिल्ली से 03, 04 और 05 सितंबर को रात 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 09:45 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि नई दिल्ली से प्रयागराज की ओर आने वाली ट्रेन का गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन, गोविंदपुरी और फतेहपुर में ठहराव रहेगा। गाजियाबाद में ट्रेन रात 11:45 से 11:47 बजे, अलीगढ़ में रात 01:05 से 01:07 बजे, टूंडला में रात 02:18 से 02:20 बजे, इटावा में सुबह 04 से 04:02 बजे, गोविंदपुरी में सुबह 06:35 से 06:40 बजे और फतेहपुर में सुबह 08:20 से 08:22 बजे तक रुकेगी।

सूबेदारगंज से दोपहर 12:10 बजे चलेगी वापसी ट्रेन

वापसी में ट्रेन संख्या 02415 सूबेदारगंज-नई दिल्ली विशेष एक्सप्रेस 04, 05 और 06 सितंबर को सूबेदारगंज से दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, अलीगढ़ जंक्शन और गाजियाबाद में ठहरेगी। फतेहपुर में दोपहर 1:23 से 1:25 बजे, गोविंदपुरी में 2:55 से 03 बजे, इटावा में शाम 05:03 से 05:05 बजे, टूंडला में 06:55 से 06:57 बजे, अलीगढ़ में रात 08:30 से 08:32 बजे और गाजियाबाद में रात 10:45 से 10:47 बजे तक ट्रेन का ठहराव रहेगा।

18 कोच की होगी विशेष ट्रेन

अमित मालवीय ने बताया कि विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, सात शयनयान, पांच सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहार और लंबे सप्ताहांत के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त भीड़ के बीच सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।