प्रयागराज: बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी में विशेष मुहूर्त में संपन्न हुई संधि पूजा
वैदिक मंत्रोच्चार और मां दुर्गा के जयकारों से भक्तिमय हुआ पूजा परिसर, श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और समृद्धि की कामना की
प्रयागराज, 19 अक्टूबर । विश्व प्रसिद्ध संगम नगरी के बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी में विशेष मुहूर्त में संधि पूजा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हुई। इस दौरान मां दुर्गा की आराधना में जयकारे गूंजते रहे। पूरा पूजा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
बारवारी के जनसंपर्क अधिकारी लालू मित्तल ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संधि पूजा अष्टमी और नवमी तिथि के संधिकाल में की जाती है। इसका विशेष धार्मिक महत्व है। इसे मां दुर्गा की शक्ति, पराक्रम और महिषासुर पर विजय के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। विशेष मुहूर्त में संपन्न हुए इस अनुष्ठान में मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए। भक्तों ने प्रार्थना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में सुख, शांति, सद्भाव एवं समृद्धि का संचार हो।
संधि पूजा के अवसर पर बारवारी के अध्यक्ष जयंत श्रीधर जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष टीपी मिश्रा, राजू द्विवेदी, टींकू कोहली, लालू मित्तल, प्रवीण जैन, शैलेंद्र द्विवेदी, जॉय मुखर्जी, जयदीप गांगुली, सोना चटर्जी, आभा द्विवेदी, रीता गांगुली, सूक्ती बनर्जी, अमिता मुखर्जी, जयश्री घोष, स्नीगंधा बनर्जी, झुम्पा चौधरी, सीमा द्विवेदी, झूमर जैन, झूमा गांगुली, आदिति राय चौधरी, कविता मुखर्जी, सुब्रतो घोष, अंकित सिंह, राजन यादव, जय अग्रवाल, सचिन रावत, चिक्की जैन और बूरो बनर्जी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।