ऑपरेशन दहन: प्रयागराज पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये का गांजा किया नष्ट
ऑपरेशन दहन: प्रयागराज पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये का गांजा किया नष्ट
प्रयागराज, 16 जुलाई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने 'ऑपरेशन दहन' के तहत गुरुवार को 398.8 किलोग्राम अवैध गांजे को विधिक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण (दहन) किया। नष्ट किए गए गांजे की कीमत लगभग एक करोड़ 99 लाख 40 हजार रुपये है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत कमिश्नरेट प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) एवं थाना नवाबगंज पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 398.8 किलोग्राम अवैध गांजा को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 99 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, उक्त मादक पदार्थ पूर्व में थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाकर बरामद किया गया था। मामले में संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बरामद सामग्री की विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से जांच कराई गई, जिसमें उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
न्यायालय के आदेशों तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद डीजीपी उत्तर प्रदेश एवं पुलिस महानिरीक्षक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से अनुमति प्राप्त की गई। इसके उपरांत वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रक्रिया के अनुसार उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में लगभग तीन घंटे तक चली कार्रवाई में पूरे मादक पदार्थ को सुरक्षित तरीके से दहन कर नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस की टीम मौजूद रही