नैनी में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे मंत्री नन्दी, बोले- मेहनत और जनसंपर्क से मजबूत होता है संगठन
भाजपा पदाधिकारी के घर कार्यकर्ताओं संग किया भोजन, रात्रि विश्राम के बाद RSS शाखा में हुए शामिल; स्थानीय लोगों से भी किया संवाद
प्रयागराज, 30 अगस्त । संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के परिश्रम और आमजन से निरंतर संपर्क से होती है। कार्यकर्ताओं के बीच जाकर संवाद करना और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे जुड़ना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन और जनसंपर्क को लगातार प्राथमिकता देनी चाहिए। यह बात उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शनिवार को नैनी में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान कही।
मंत्री नन्दी शनिवार रात एकता पार्क, एडीए कॉलोनी, नैनी स्थित भाजपा मंडल महामंत्री ओम प्रकाश मिश्रा के आवास पर पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की गतिविधियों और संगठन से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
मंत्री नन्दी ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर पार्टी के कार्यों और जनसंपर्क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता तभी प्रभावी होती है, जब कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहें और उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यकर्ताओं के साथ किया भोजन, आवास पर किया रात्रि विश्राम
भाजपा मंडल महामंत्री ओम प्रकाश मिश्रा के आवास पर मंत्री नन्दी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। इसके बाद उन्होंने वहीं रात्रि विश्राम किया। मंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
शाखा में पहुंचकर किया ध्वज प्रणाम
रविवार सुबह मंत्री नन्दी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा में शामिल हुए। उन्होंने शाखा के निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता की और ध्वज प्रणाम किया। शाखा के बाद उन्होंने क्षेत्र में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी ली। मंत्री के नैनी प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह रहा। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरिकृष्ण तिवारी और लक्ष्मीकांत तिवारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी ज्ञानेश्वर शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप केसरवानी, मंडल अध्यक्ष नैनी रजत दूबे, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा नरसिंह, जिला उपाध्यक्ष सविता मिश्रा, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश मिश्रा,बीबी दूबे, अवधेश पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।