तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर


मीरजापुर, 17 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के रैकरा गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

रैकरी गांव निवासी विजय कुमार (27) अपने साथी संजय (25) के साथ बाइक से खेत गया था। देर शाम दोनों खेत से वापस घर लौट रहे थे। तभी रैकरा मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं संजय की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

मृतक के पिता झब्बू लाल ने बताया कि विजय कुमार की शादी 21 जून को राजगढ़ के गर्दा नाला स्थित शिव मंदिर में हुई थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। शादी के लिए वह जून में घर आया था। शादी के कुछ ही दिन बाद हुई इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने शुक्रवार सुबह बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।