महान विभूतियों का सम्मान हमारी विरासत का सम्मान, जनसेवा ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा : गणेश केसरवानी
महान विभूतियों का सम्मान हमारी विरासत का सम्मान, जनसेवा ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 15 जुलाई महान विभूतियों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक गौरव और जनकल्याण के आदर्शों की जीवंत प्रेरणा हैं। यह बातें डीएवी इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज की जनता से मिला सम्मान उन्हें शहर के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनसेवा के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सांस्कृतिक चेतना और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनकी प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज केवल आस्था और आध्यात्मिकता का ही नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, संस्कृति और सामाजिक समरसता का भी प्रमुख केंद्र है। नगर निगम शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा महान विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने नागरिक सम्मान को प्रयागराज की जनता का स्नेह बताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने वाला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग से प्रयागराज विकास, स्वच्छता और सांस्कृतिक समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।
भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी तथा विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंघल की प्रतिमाओं के भव्य अनावरण कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में डीएवी इंटर कॉलेज में प्रयागराज के महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी का नागरिक सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज जायसवाल ने की। समारोह में शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महापौर का पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया तथा उनके नेतृत्व में संपन्न हुए आयोजन की सराहना की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण प्रयागराज की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह केवल प्रतिमाओं की स्थापना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और देशभक्ति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
समारोह में गिरी शंकर प्रभाकर, प्रमोद जायसवाल मोदी, मनोज मिश्रा, अमित गुप्ता, अरुण निषाद, साहिल अरोरा, संजय गुप्ता, रणविजय सिंह, कृतज्ञ नारायण सिंह, बृजेश मिश्रा, नवरत्न कत्याल, विष्णु त्रिपाठी, मोहम्मद शादमान, लक्की साहू, शिव मोहन गुप्ता, रूद्र सेन जायसवाल, गिरिजेश मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महापौर के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों, शहर के आधुनिकीकरण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रयागराज को विकास, स्वच्छता, सांस्कृतिक समृद्धि और राष्ट्रीय मूल्यों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
---------------