लखनऊ में दो जगहों पर लगी आग को दमकल कर्मियों ने बुझाया, कोई जनहानि नहीं
लखनऊ में दो जगहों पर लगी आग को दमकल कर्मियों ने बुझाया, कोई जनहानि नहीं
लखनऊ, 29 जून। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को दो अलग—अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आयी हैं। फायर ब्रिगेड की टीम एसडीआरएफ की मदद से आग को काबू में किया। पहली घटना विकास नगर में जहां एक जूते चप्पल की दुकान में आग लगी थी तो वहीं चिनहट में अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर आग लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विकासनगर थाना पुलिस ने बताया कि कुर्सी रोड पर महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक मार्केट के प्रथम तल पर जूता-चप्पल की दुकान संचालित है, जिसके स्वामी मोहम्मद समीर एवं मोहम्मद हसीन हैं। दुकानों के पीछे रिहायशी मकान भी स्थित हैं। सोमवार सुबह दुकान में आग लग गई थी। सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां से आग को बुझाना शुरू किया। साथ ही साथ पुलिस ने आसपास के मकानों को भी सुरक्षा की दृष्टि से खाली करा लिया। फायर कर्मियों ने पूरी तरह से आग को बुझा लिया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। स्थिति पूर्णत: सामान्य एवं नियंत्रण में हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इसी तरह चिनहट थाना क्षेत्र के नन्दी विहार कॉलोनी, रामा डिग्री कॉलेज के निकट स्थित एक स्टे होम अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही थाना चिनहट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा फायर सर्विस को सूचित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ कराया। पुलिस द्वारा मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर कर्मियों ने होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का कार्य प्रारम्भ किया गया। मौके पर पाया कि आग भवन की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक कमरे तक सीमित थी। लगभग 30 मिनट के अथक प्रयास के उपरांत आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रभावित भवन के स्वामी तौकीर सिद्दीकी हैं, जो उस भवन का उपयोग स्टे होम, ऑफिस के रूप में करते हैं। घटना के समय उक्त फ्लोर पर ठहरे तीन अतिथि सुरक्षित पाए गए। उन्हें किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंची। अग्निकाण्ड में संबंधित कमरे में रखा बेड, एसी, दरवाजा एवं दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एसी में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि अथवा व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। थाना चिनहट पुलिस एवं फायर सर्विस की टीम अन्य अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।