कानपुर देहात: एसीएमओ पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप,मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत
कानपुर देहात: एसीएमओ पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप,मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत
कानपुर देहात, 25 जुलाई । उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद के स्वास्थ्य विभाग में तैनात अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा
भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद से यह मामला स्वास्थ्य महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों से वसूली का आरोप
शिकायतकर्ता रविन्द्र कुमार का आरोप है कि डॉ. एस.एल. वर्मा पिछले पांच वर्षों से कानपुर देहात जिले में ही तैनात हैं। शिकायत के अनुसार, वह विभागीय कार्रवाई और सील करने की धमकी देकर निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी केंद्रों से मोटी रकम ऐंठते हैं। आरोप है कि जो संस्थान संचालक पैसे नहीं देते, उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाती है, जबकि पैसे देने वालों के अवैध संस्थानों को दोबारा संचालित करने की छूट दे दी जाती है।
आय से अधिक संपत्ति और फर्जी वेतन भुगतान का भी दावा
पोर्टल पर दी गई शिकायत में डॉ. वर्मा पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने कानपुर नगर में कई होटल, प्लॉट और मकान खरीदे हैं। इसके अलावा, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की फर्जी उपस्थिति दर्ज कराकर वेतन भुगतान कराने के मामले पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत के संबंध में डॉ. एस.एल. वर्मा ने तल्ख लहजे में कहा कि आरोपों को लेकर अभी तक उनकी तरफ से कोई आधिकारिक विस्तृत सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविंद ने बताया कि एसीएमओ के खिलाफ मिली शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-------------