विकास के साथ विरासत को संजोना भी उतना ही जरूरी : मुख्यमंत्री योगी
प्रेरणा स्थल पर अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का किया अनावरण कहा- राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों के आदर्श नई पीढ़ी का करेंगे मार्गदर्शन
प्रयागराज, 06 जुलाई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज के यमुना तट स्थित कालीघाट के प्रेरणा स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि "आज विकास के साथ-साथ अपनी विरासत को भी संजोने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की जो सोच है, प्रयागराज नगर निगम ने प्रेरणा स्थल के माध्यम से उसे साकार करने का सराहनीय कार्य किया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल का पूरा जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की यह धरती देश के राजनीतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर रही है और प्रेरणा स्थल इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व विधायक उदयभान करवरिया, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, अशोक बाजपेई, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, डॉ कीर्तिका अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ बी.के.सिंह, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ला, अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले— प्रेरणा स्थल राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज का प्रेरणा स्थल राष्ट्रवादी विचारधारा और भारत की सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास और विरासत को समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणा स्थलों से युवाओं को महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा मिलेगी।
महापौर गणेश केसरवानी ने जताया आभार
महापौर गणेश केसरवानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि प्रयागराज के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्वरूप को और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से प्रेरणा स्थल का विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि महापुरुषों के विचार समाज तक पहुंचें और युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।
एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने बताया ऐतिहासिक पहल
एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रेरणा स्थल केवल प्रतिमाओं का परिसर नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित महापुरुषों का जीवन समाज को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उपस्थित होकर तीनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।