प्रयागराज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

शिक्षकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा तो राष्ट्र निर्माण की नींव और मजबूत होगी : डॉ. विनोद कुमार विन्द

प्रयागराज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

प्रयागराज, 26 जुलाई । शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहना एक सशक्त एवं विकसित समाज की आधारशिला है। यह बातें रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का जनपद प्रयागराज में भव्य शुभारंभ रविवार को हंडिया पीजी कॉलेज, हंडिया में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द ने कहीं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भावी पीढ़ी के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ' के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. सुनीता जायसवाल तथा नोडल अधिकारी प्रो. ओमप्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. अनुराग मालवीय ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर हंडिया पीजी कॉलेज, कुलभास्कर डिग्री कॉलेज, लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ एवं महिला सेवा सदन डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

स्वागत भाषण में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. सुनीता जायसवाल ने कहा कि यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण और सम्मान की दिशा में राज्य सरकार का ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम है।

अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि योजना के तहत सूचीबद्ध (पैनल) अस्पतालों में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उपचार के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों के संवाहक हैं, इसलिए उनका सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण समाज एवं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह ने कहा कि शासन की प्रत्येक जनहितकारी योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र कुमार यादव ने किया, जबकि अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विवेक पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त कर उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

समारोह में प्रयागराज जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में शिक्षाविद उपस्थित रहे।