ब्रह्म मुहूर्त में संगम तट पर बड़े हनुमान जी का पावन स्नान, भक्ति में डूबा प्रयागराज

सुबह 3:45 बजे संगम में हुआ बड़े हनुमान जी का पावन स्नान, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन-पूजन

ब्रह्म मुहूर्त में संगम तट पर बड़े हनुमान जी का पावन स्नान, भक्ति में डूबा प्रयागराज

प्रयागराज, 30 अगस्त । तीर्थराज प्रयाग के संगम तट पर रविवार को ब्रह्म मुहूर्त में गंगा और यमुना के पवित्र जल में स्नान कराया गया। इस दौरान संगम तट पर विराजमान बड़े हनुमान जी महाराज का भी विधि-विधान से पावन स्नान कराया गया।

रविवार सुबह करीब 3:45 बजे हुए इस धार्मिक अनुष्ठान को श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ देखा। मंदिर के मुख्य पुजारी महन्त बलवीर गिरी ने पूजा पाठ किया। मान्यता है कि संगम में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का मिलन होता है। ऐसे में संगम तट पर बड़े हनुमान जी का स्नान धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

स्नान के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने बड़े हनुमान जी के दर्शन और पूजन किए। भोर के समय संगम क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां गंगा और हनुमान जी महाराज से सुख, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

संगम तट पर होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान प्रयागराज की आध्यात्मिक परंपरा और आस्था का प्रतीक है। बड़े हनुमान जी मंदिर में दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। संगम में स्नान और बड़े हनुमान जी के दर्शन को भक्त विशेष पुण्यकारी मानते हैं।