अवधेश पाण्डेय ‘बादल’ बने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, काशीराम को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी; बोले- नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे
अयोध्या सर्किट हाउस में दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर अभिनंदन किया, वहीं अवधेश पाण्डेय ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने को प्राथमिकता बताया।
भाजपा नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे : अवधेश पाण्डेय बादल
अयोध्या, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी में अवधेश पाण्डेय ‘बादल’ को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा काशीराम को क्षेत्रीय मंत्री का दायित्व मिलने के बाद बुधवार को जनपद अयाेध्या के सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता कर्मवीर सिंह की अगुवाई में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में दोनों पदाधिकारियों को 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी रही।
स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। समर्थकों ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संगठन के प्रति उनकी मेहनत और सक्रियता का सम्मान किया है।
अवधेश पाण्डेय ‘बादल’ ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताते हुए उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती को अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया।
काशीराम ने कहा कि क्षेत्रीय मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। संगठन को मजबूत करना सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उसे कार्यों के माध्यम से साबित करने का प्रयास रहेगा।
स्वागत करने वालों में अखंड प्रताप सिंह डिंपल, अंकित दुबे, प्रधान दुगवा ध्रुव पांडे, तिलक राम मौर्य, मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, प्रधान सुमित तिवारी, लल्लू यादव, टीपू सिंह, अभय सिंह बीरू, समाजसेवी अभिषेक चतुर्वेदी, पूर्व पार्षद दिनेश मौर्य, सोनू यादव, जैय श्याम सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।