अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन और बेटी टीना ने सांसद प्रिया सरोज संग बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी
- बनारसी पेड़ा, रसगुल्ला का लिया स्वाद,- श्री संकट मोचन मंदिर में भी किए दर्शन व पूजन
वाराणसी, 29 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव और पुत्री टीना यादव ने मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। अर्जुन और टीना ने दरबार में दर्शन पूजन के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम में भ्रमण कर इसकी भव्यता भी देखी।
अखिलेश यादव के जुड़वा संतान अर्जुन और टीना के साथ सांसद प्रिया सरोज की तसवीरें सोमवार को सोशल मीडिया में छायी रही। पार्टी के स्थानीय नेताओं के अनुसार अर्जुन और टीना यादव रविवार शाम वाराणसी आए । दोनों ने एक होटल में कुछ देर आराम किया। इसके बाद मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। दोनों ने मंदिर में बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योर्तिलिंग का दर्शन-पूजन और दूध-जल से अभिषेक किया। इसके बाद धाम में विराजमान अन्य देवताओं के विग्रहों की पूजा-अर्चना की। अर्जुन टीना के साथ स्थानीय नेता पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, समन यादव, मनोज यादव भी रहे। सपा सुप्रीमो के बच्चो की शहर में मौजूदगी की जानकारी बहुत कम कार्यकर्ताओं को रही। पूरी यात्रा को गोपनीय रखने का प्रयास किया गया। पार्टी के नेताओं के अनुसार अर्जुन और टीना ने बनारसी पेड़ा, रसगुल्ला आदि का स्वाद चखा। दोनों पार्टी कार्यकर्ता मनीष यादव की मिठाई की दुकान पर गए। दर्शन पूजन के बाद अर्जुन और टीना ने सांसद प्रिया सरोज के साथ नाव से गंगा घाटों का भ्रमण किया और करीब एक घंटे तक नौका विहार किया। इस दौरान टीना रील बनाती नजर आईं। दोनों भाई बहन लगभग एक घंटे तक गंगा घाटों पर रहे। इस दौरान उनके सुरक्षा का प्रबंध चाक चौबंद रहा। इस दौरान कुछ मीडिया कर्मियों ने उनसे बात करना चाहा तो उन्होंने हाथ जोड़ कर कोई बयान नही दिया। अर्जुन और टीना ने पूरी यात्रा को धार्मिक स्वरूप ही दिया।