एसबीआई छाता में किसान के थैले से टप्पेबाज महिलाओं ने उड़ाए पचास हजार रुपये
बैंक के अंदर कैश काउंटर पर घटी घटना, सीसीटीवी में कैद हुईं थैला काटती दो महिलाएं
मथुरा, 09 जून । कस्बा व थाना छाता क्षेत्र के सराह शाही स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में मंगलवार दोपहर टप्पेबाजी करने वाली महिलाओं की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। बैंक के कैश काउंटर 5 पर केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) की रकम जमा करने आए भदावल गांव के एक किसान दानी राम पुत्र नवल किशोर उम्र 72 वर्ष के थैले को काटकर दो शातिर महिलाओं ने 3,04,000 (तीन लाख चार हजार) रुपये में से 50000 रूपये पार कर दिए। काउंटर पर खड़े किसान ने नोट गिनने वाले कैशियर को जब नोटों से भरा थैला दिया तो उसमें 50000 रुपये कम मिले। किसान द्वारा शोर मचाने पर बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। वृद्ध किसान के द्वारा शाखा प्रबंधक निखिल सेंगर को अपने साथ हुई घटना की सूचना दी और किसान ने ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पी आर वी 112 पहुंची, कोतवाली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।
गांव भदावल का पीड़ित किसान दानी राम पुत्र नवल किशोर मंगलवार दोपहर अपने केसीसी खाते के 3,04,000 जमा करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की छाता शाखा पहुंचा था। किसान पैसे थैले में रखकर कैश काउंटर की लाइन में लगा हुआ था। इसी दौरान बैंक में मौजूद दो संदिग्ध महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी ही चालाकी से किसान के थैले को ब्लेड या किसी धारदार हथियार से काट दिया और अंदर रखी नकदी में से पचास हजार रुपये निकालकर रफूचक्कर हो गईं। जब किसान का नंबर आया और उसने पैसे निकालने के लिए थैले में हाथ डाला, तो उसके होश उड़ गए। थैला नीचे से कटा हुआ था और उसमें रखी पूरी रकम 3,04,000 रुपये में से 50,000 रुपये की रकम गायब थी। किसान ने तुरंत इस घटना की सूचना शाखा प्रबंधक (ब्रांच मैनेजर), पीआरवी और कोतवाली छाता पुलिस को दी।
बैंक के अंदर इतनी बड़ी घटना की सूचना मिलते ही छाता कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बैंक प्रशासन के सहयोग से अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो संदिग्ध महिलाएं किसान के पास खड़ी दिखाई दे रही हैं, जो बेहद शातिराना अंदाज में थैला काटती नजर आ रही हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। दिनदहाड़े बैंक के भीतर हुई इस वारदात से खाताधारकों और स्थानीय लोगों व किसान नेता भगवत स्वरूप पांडे ने सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि संदिग्ध महिलाओं की पहचान के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं बैंक के अंदर बुजुर्ग किसान के साथ हुई घटना के बारे में शाखा प्रबंधक छाता निखिल सेंगर ने जानकारी देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं मीडिया को कोई जानकारी नहीं दे सकता हूं।