गोरखपुर में बनवाएंगे विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर में बनवाएंगे विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर, 16 मई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार काे गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के साथ ही खेल और खिलाड़ियों के हित मे एक नई और बड़ी घोषणा भी कर दी। उन्होंने ऐलान किया कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बगल में रिजर्व कराई गई 60 एकड़ भूमि पर विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।

शनिवार को, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां 46 एकड़ में 30 हजार दर्शकों की क्षमता का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तो बनेगा ही, इसके बगल की 60 एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाएंगे। इसमें हर तरह के इनडोर गेम्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां हॉकी और अन्य आउटडोर गेम्स भी हो सकेंगे। याेगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से इस क्षेत्र में होटल, रेस्त्रां, मार्केट की नई श्रृंखला भी तैयार होगी और बड़ी संख्या में नए रोजगार भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने ताल नदोर क्षेत्र में हो रहे विकासपरक बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि आज से पांच वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर पड़ा था। यह क्षेत्र उपेक्षित था, जिसकी मर्जी होती वह जमीन कब्जा कर लेता था। अब यहां की जमीन कब्जामुक्त है। साथ ही डबल इंजन सरकार इस भूमि पर नौजवानों के भविष्य को तराशने का एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को युवाओं और भावी पीढ़ी के सपनों को साकार करने के लिए उत्कृष्ट उपहार बताया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को माफियामुक्त, गुंडा मुक्त, दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त बनाया है। इससे प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब विकास होता है तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्त भाव से होता है। मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया कि जो लोग जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर बांटते है, वो आपके हितैषी नहीं हो सकते। जब भी उनके पास सत्ता आई तो वे गुंडागर्दी अराजकता, अव्यवस्था करते रहे। उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया, जनता हित के लिए कभी नहीं किया। पर, आज की डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण के लिए, रोजगार सृजन के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और सांसद खेल स्पर्धा से नई खेल संस्कृति आगे बढ़ी है। इसका परिणाम है कि ओलंपिक, एशियाड, कामनवेल्थ और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिभाग और मेडल की संख्या दोनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को इंफ्रास्ट्रक्चर देना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार इस जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रही है। सुविधा मिलने से आज के खिलाड़ी प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तर पर स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की सुविधा विकसित कर रही है। मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बन चुका है और इसी सत्र में उसका भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होने जा रहा है।

उन्हाेंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जिस गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर बन रहा है, उससे होकर वाराणसी जाने में पहले चार से पांच घंटे लगते थे। अब महज ढाई घंटे लगते हैं। इसी तरह गोरखपुर से लखनऊ जाने में लगने वाला समय आठ घंटे से कम होकर साढ़े तीन घंटे हो गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का स्वागत करते हुए योगी ने कहा कि देश और विश्व पश्चिमी एशिया के संकट से जूझ रहा है। कई देशों में उथल पुथल है। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। दुनिया के कई देशों में अव्यवस्था और अस्थिरता है। उन्होंने कहा कि इन स्थितियों में भारत के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बेहतरीन प्रबंधन का परिचय दिया है। तेल कम्पनियों पर भले ही बोझ आया लेकिन उन्होंने संकट के बीच में आम जनता को लगातार राहत दिलाई है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 100 करोड़ रुपये देने के लिए पेट्रोलियम मंत्री, इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रति आभार व्यक्त किया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। भूमि पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के ड्राइंग मैप और मॉडल का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की पूरी जानकारी ली।