बीएचयू में त्रिदिवसीय भारत जापान उच्च स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन शुक्रवार से

भारत और जापान की सांस्कृतिक परंपराओं, दार्शनिक धारणाओं एवं मूल्य-आधारित शिक्षण पर होगी चर्चा

बीएचयू में त्रिदिवसीय भारत जापान उच्च स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन शुक्रवार से

वाराणसी,13 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग, विज्ञान संस्थान की ओर से त्रिदिवसीय भारत जापान उच्च स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में शुक्रवार (14 नवम्बर) से किया गया है। अधिवेशन में भारत और जापान के बीच शैक्षिक, अनुसंधानात्मक एवं सांस्कृतिक सहयोग को सुदृढ बनाने,सांस्कृतिक परंपराओं, दार्शनिक धारणाओं एवं मूल्य-आधारित शिक्षण पर वृहद चर्चा होगी। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कुँवर अलकेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अधिवेशन में दोनों देशों के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीति-निर्माता एवं संस्थागत प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। डॉ. सिंह ने कहा कि अधिवेशन का उद्देश्य उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण, संयुक्त शोध परियोजनाओं, छात्रदृसंकाय विनिमय कार्यक्रम, नवाचार-आधारित शिक्षण पद्धतियों एवं कौशल केन्द्रित शैक्षिक उपक्रमों पर रणनीतिक संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम दिवस विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी, कला एवं गणित पर केंद्रित होगा। द्वितीय दिवस उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार सहयोग पर तथा तृतीय दिवस सांस्कृतिक प्रथाओं, युवा आदान-प्रदान एवं अवसरों पर संवाद के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने बताया कि यह अधिवेशन भारत जापान संबंधों को आधुनिक वैश्विक संदर्भ में नई दिशा, ऊर्जा एवं दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं से समृद्ध करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।