पटियाला हाउस कोर्ट ने रंगदारी मामले में सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ आरोप तय
पटियाला हाउस कोर्ट ने रंगदारी मामले में सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ आरोप तय
नई दिल्ली, 30 मई । पटियाला हाउस कोर्ट ने 217 करोड़ की वसूली के मामले में ठग सुकेश चंद्रशेखर समेत 21 आरोपितों के खिलाफ आरोप तय कर दिया है। एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने 3 जून को औपचारिक आरोप तय करने के लिए सभी आरोपितों को कोर्ट में सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया।
कोर्ट ने इन आरोपितों के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4, भारतीय दंड संहिता की धारा 170, 186, 384, 386, 388,406,409,420, 468,471 और 120 बी के अलावा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया। कोर्ट ने इस मामले में सुकेश चंद्रशेखर के अलावा जिन प्रमुख लोगों को आरोपित बनाया है उनमें उसकी पत्नी लीना पॉल और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज शामिल हैं। जैकलीन फर्नांडीज के खिलाफ केवल वसूली के मामले में आरोप तय करने का आदेश दिया गया है जबकि उसके खिलाफ मकोका के मामले में आरोप तय नहीं करने का आदेश दिया गया है।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अदिति सिंह की शिकायत पर इस मामले में केस दर्ज किया था। उसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था। इस मामले में ईडी ने कोर्ट को बताया था कि सुकेश ने स्वीकार किया था कि 57 करोड़ रुपये अदिति सिंह से लिए, लेकिन जांच में पाया गया कि उसने 80 करोड़ रुपये लिये थे। ईडी ने कहा था कि सुकेश ही इस मामले का मास्टरमाइंड है। इस मामले में उसने अदिति सिंह को पहला फोन लैंडलाइन से किया था। ईडी ने कहा कि सुकेश ने बताया कि इस पैसे से गाड़ी, लग्जरी आइटम और गिफ्ट खरीदे गए।
कोर्ट ने 15 नवंबर, 2022 को जैकलीन को जमानत दी थी। 31 अगस्त, 2022 को कोर्ट ने जैकलीन फर्नाडीज के खिलाफ दायर पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 17 अगस्त, 2022 को ईडी ने पूरक चार्जशीट दाखिल की थी जिसमें जैकलीन को आरोपित बनाया गया। ईडी इस मामले में जैकलीन की सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है। ईडी की चार्जशीट के मुताबिक इस मामले के मुख्य आरोपित सुकेश चंद्रशेखर ने पांच करोड़ 71 लाख रुपये से ज्यादा के गिफ्ट दिए थे। सुकेश अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी के जरिए जैकलीन को गिफ्ट पहुंचाने का काम करता था। इन गिफ्टों में 52 लाख रुपये का घोड़ा और 9 लाख रुपये की एक पारसी बिल्ली भी शामिल है।
ईडी के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन के लिए उपहार खरीदने के लिए उस अवैध धन का इस्तेमाल किया, जो उसने शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह समेत दूसरे हाई-प्रोफाइल लोगों से धोखाधड़ी कर वसूला था। ईडी के मुताबिक इस पूरे अपराध के लिए सुकेश ने ढांचा तैयार किया और अपराध को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस ने सुकेश चंद्रशेखर पर मकोका लगाया है।