वेलेंटाइन डे की जगह मनाया मातृ-पितृ पूजन दिवस, बच्चों ने लिया संस्कारों का संकल्प
वेलेंटाइन डे की जगह मनाया मातृ-पितृ पूजन दिवस, बच्चों ने लिया संस्कारों का संकल्प
मीरजापुर, 14 फ़रवरी । युवा भारत एवं विंध्य योग सेवा धाम के संयुक्त तत्वावधान में नगर के कजरहवा पोखरा स्थित एक विद्यालय में शनिवार को वेलेंटाइन डे के स्थान पर मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपने माता-पिता का माल्यार्पण, तिलक और आरती कर आशीर्वाद लिया। संस्थापक योग गुरु योगी भोला नाथ ने कहा कि आधुनिक दौर में युवाओं को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने आह्वान किया कि इस दिन को मातृ-पितृ सम्मान दिवस के रूप में मनाकर आने वाली पीढ़ी को सही दिशा दी जा सकती है।
मुख्य अतिथि संगीता व्यास ने बच्चों के इस भावनात्मक सम्मान को सराहते हुए कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। राष्ट्रीय योगासन जज योगी ज्वाला सिंह ने भी भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। विद्यालय के प्रबंधक रतन जॉनसन ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से विद्यालय में यह परंपरा निभाई जा रही है। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।