हिंदी पत्रकारिता दिवस पर गणेश शंकर विद्यार्थी को किया गया नमन
एआई के दौर में हिंदी पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा
प्रयागराज, 30 मई । इलाहाबाद न्यूज रिपोर्टर्स क्लब (प्रेस क्लब) में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रख्यात पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
न्यूज रिपोर्टर्स सभागार में आयोजित संगोष्ठी का संचालन क्लब के सचिव मुनेंद्र बाजपेयी ने किया। उन्होंने गणेश शंकर विद्यार्थी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए हिंदी पत्रकारिता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने पत्रकारिता को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य किया, जो आज भी पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुनेंद्र बाजपेयी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बीच हिंदी पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों और अवसरों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलावों के इस दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखना बड़ी चुनौती है।
संगोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा, उसकी उपलब्धियों तथा बदलते मीडिया परिदृश्य पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समाज में जागरूकता फैलाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जनसरोकारों की आवाज बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में क्लब के संयुक्त सचिव अनंत राम कुशवाहा, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर द्विवेदी, अखिलेश त्रिपाठी, रतिभान त्रिपाठी, एबीपी न्यूज के वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद मोईन, धीरेंद्र द्विवेदी, डॉ. कंचन सिंह, राम बहादुर पाल, छत्रपति शिवाजी, शोएब रिजवी, मनीष कुमार वर्मा, पंकज श्रीवास्तव, विमल श्रीवास्तव, दीपक गंभीर, सौरभ मिश्रा, आरिफ, विनय रघुवंशी, मोहन वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, विवेक पांडेय, मुलायम सिंह बिसेन, विमलेश मिश्रा, पंकज चौधरी, इमरान लईक तथा डॉ. सर्वेश दुबे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।