लखनऊ में चार साइबर ठग गिरफ्तार

लखनऊ में चार साइबर ठग गिरफ्तार

लखनऊ में चार साइबर ठग गिरफ्तार

लखनऊ, 29 जून । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को सुशान्त गोल्फ सिटी थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कॉरपोरेट धोखाधड़ी रैकेट के अंतरराष्ट्रीय गैंग का खुलासा किया है। साइबर फ्रॉड करते हुए जनता से करोड़ों की ठगी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से 79 चेक बुक, 77 एटीएम कार्ड, 14 की पैड मोबाइल, 15 एण्ड्राइड मोबाइल आदि बरामद किये हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अमित कुमार आनन्द ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर बताया गया कि अतिरिक्त निरीक्षक थाना सुशान्त गोल्फ सिटी विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में बैंक अकाउंट खुलवाकर ऑनलाइन साइबर फ्राड करने वाले अंतरराष्ट्रीय कॉरपोरेट धोखाधड़ी रैकेट करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग लाइट हाउस आवास विकास योजना के ब्लॉक के एक फ्लैट में साइबर फ्रॉड का काम कर रहे है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो चार लोग फ्लैट में लैपटॉप व मोबाइल से कुछ फ्रॉड का पैसा ट्रान्सफर कर रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पाया कि ये लोग साइबर फ्रॉड व कम्पनी बनाकर पैसे का ट्रान्सफर कर उसके निकाल लेते थे। पकड़े गए अभियुक्तों में उन्नाव कोतवाली निवासी सत्येंद्र सविता, बिहार राज्य के निप्पु कुमार, मनीष कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथियों के कहने पर लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम से करंट एकाउंट खुलवा लेते थे। फर्जी कार्यालय दिखाकर कंपनियां रजिस्टर करते थे। इसके बाद साइबर ठगी की रकम इन खातों में ट्रांसफर करते थे। आरोपित इस नेटवर्क को संचालित करने के लिए अपना कमीशन लेते थे। इन अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर 718 शिकायतें दर्ज हैं, जिनकी जानकारी की जा रही है।