बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन, की यमुना महारानी की विधिवत पूजा अर्चना
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन, की यमुना महारानी की विधिवत पूजा अर्चना
मथुरा, 08 जून। सोमवार को बिहार प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा अपने सपरिवार सहित पावन ब्रजधाम की यात्रा पर पहुंचे, जहां उन्होंने मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन एवं गोकुल के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
ब्रज प्रवास के दौरान मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सर्वप्रथम मथुरा स्थित यमुना महारानी के पावन विश्राम घाट पर दुग्ध अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने यमुना महारानी से राष्ट्र की उन्नति, किसानों की समृद्धि तथा समाज में सुख-शांति की प्रार्थना की। इसके उपरांत उन्होंने श्री द्वारकाधीश मंदिर में भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात गोवर्धन पहुंचकर उन्होंने मुखारविंद जतीपुरा में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की एवं मलूक पीठाधीश्वर राजेद्र जी महाराज से चंद्रोदय गौशाला पर आशीर्वाद प्राप्त किया। तथा ब्रजभूमि की दिव्यता एवं सनातन संस्कृति की महिमा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ब्रज की पावन धरा सम्पूर्ण विश्व को आध्यात्मिक चेतना एवं भारतीय संस्कृति का संदेश प्रदान करती है।ब्रज भ्रमण के दौरान मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गोकुल एवं वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भी दर्शन कर ठाकुरजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने ब्रज की धार्मिक परंपराओं, संत संस्कृति एवं यहां की भक्ति भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अपने प्रवास के दौरान मंत्री विजय सिन्हा तटीया स्थान भी पहुंचे, जहां उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं आध्यात्मिक चर्चा में सहभागिता की। इस अवसर पर विपुल पाठक, पंकज चतुर्वेदी, भारतीय जनता पार्टी जिला मीडिया प्रभारी पंडित श्याम शर्मा, अंशुमान चतुर्वेदी, कृष्ण चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।