हर पात्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मंत्री नंदी
समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं, राजस्व और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
प्रयागराज, 29 जून केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उक्त निर्देश सोमवार को सर्किट हाउस में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और राजस्व से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने दिये।
समीक्षा बैठक में मंत्री नंदी ने कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध खनन, सरकारी भूमि पर कब्जा तथा अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने बिजली विभाग को विद्युत बिल संबंधी शिकायतों और लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने, जर्जर खंभों को बदलने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन और ऑपरेशन कायाकल्प सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने पर बल दिया।
मंत्री नंदी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने, राजस्व विभाग में तीन और पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों को विशेष अभियान चलाकर निस्तारित करने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय प्रगति की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।