ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी की कार्रवाई, नाला सफाई के लिए भैंसापाली गांव पहुंचा बुलडोजर
ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी की कार्रवाई, नाला सफाई के लिए भैंसापाली गांव पहुंचा बुलडोजर
हमीरपुर,08 जून । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में विकासखंड कुरारा के ग्राम भैंसापाली में नाला सफाई एवं तालाबों की दुर्दशा संबंधी शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने सोमवार को तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की ओर से अवगत कराया गया था कि गांव भैंसापाली में लगभग 10 वर्षों से नालों की समुचित सफाई नहीं हुई हैं, जिसके कारण बरसात के दौरान कुशवाहा बस्ती एवं अहिरवार बस्ती में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचता है तथा गत वर्ष भी कुछ मकान क्षतिग्रस्त हाे गए थे। साथ ही गांव के तालाबों में जलकुंभी (पन चिरई) फैल जाने एवं सफाई न होने से उनका उपयोग प्रभावित हो रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी ने सोमवार को ग्राम भैंसापाली में विशेष सफाई अभियान चलवाकर नालों की सफाई एवं तालाबों से जलकुंभी हटाने का कार्य कराया गया। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआरओ ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गांव में नाला सफाई और तालाबों की सूरत संवारने के लिए टीम लगाई गई हैं। बुलडोजर से गंदगी हटवाई जा रही है। बताया कि 10 साल से गांव में नाला और तालाब की सफाई न होने के कारण जलभराव से हर साल लोगों के घर क्षतिग्रस्त होते है। अब विशेष अभियान चलाए जाने से ग्रामीणों में खुशी देखी जा रही है।----------------