बरगद के पेड़ से टकराया डीसीएम, वाहन में सवार 12 लोग घायल और 20 खच्चरों की मौत
बरगद के पेड़ से टकराया डीसीएम, वाहन में सवार 12 लोग घायल और 20 खच्चरों की मौत
महोबा, 05 जून । उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में शुक्रवार को श्री नगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे लगे बरगद के पेड़ से एक तेज रफ्तार डीसीएम टकरा गया। हादसे में चार बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। जबकि वाहन में लदे 20 खच्चरों की भी मौत हो गई है।
श्रीनगर थाना प्रभारी जयचंद्र ने बताया कि शुक्रवार को एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बरगद के पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशाल पेड़ भरभराकर जड़ सहित उखड़ कर गिर गया। हादसे में डीसीएम में सवार युवराज , लालू और लालू का बेटा चंदू (8) , प्रिंस (2) , रानी और वाहन का क्लीनर बॉबी समेत 12 लोग घायल हो गए हैं। जबकि वाहन में सवार 35 खच्चरों में से 20 खच्चरों की मौके पर ही मौत हो गई है। तो वहीं अन्य खच्चर भी घायल हो गए हैं। खच्चरों की मौत से घायल श्रमिक परिवारों को भारी क्षति पहुंची है। हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया है।
थाना प्रभारी जयचंद्र ने बताया कि सड़क हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी प्रयागराज के रहने वाले हैं। इनके बारे में पता चला है कि प्रयागराज के मंझनपुर क्षेत्र में ईंट भट्टे में काम करने वाले तीन भाइयों का परिवार डीसीएम बुक कर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ स्थित अपने घर वापस लौट रहे थे। वाहन में तीन भाइयों का परिवार और 35 खच्चर सवार थे। घटना के बाद
फरार चालक की तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।