झकरकटी से नौबस्ता तक सात स्टेशनों पर लग रहे एएफसी गेट, जल्द बढ़ेगी मेट्रो सेवा: सुशील कुमार
झकरकटी से नौबस्ता तक सात स्टेशनों पर लग रहे एएफसी गेट, जल्द बढ़ेगी मेट्रो सेवा: सुशील कुमार
कानपुर, 31 मई कानपुर मेट्रो के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर यात्री सेवाओं के विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता स्टेशनों पर ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट लगाए जा रहे हैं। स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न सिस्टमों के इंस्टॉलेशन और फिनिशिंग कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। शेष सेक्शन के सभी स्टेशनों को परिचालन के लिए तैयार किया जा रहा है और विभागों के बीच समन्वय के साथ अंतिम कार्यों को पूरा किया जा रहा है। यह बातें रविवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
यूपीएमआरसी के अनुसार, एएफसी सिस्टम मेट्रो संचालन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अंतर्गत एएफसी गेट, टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) और टिकट ऑफिस मशीन (टीओएम) शामिल हैं। यात्री टिकट पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर पेड एरिया में प्रवेश करते हैं, जबकि गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने के बाद निकासी के लिए भी टिकट को पुनः स्कैन करना होता है। एनसीएमसी कार्डधारक यात्री भी इन्हीं गेटों पर कार्ड स्कैन कर यात्रा कर सकेंगे।
झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर अंडरग्राउंड स्टेशनों पर प्रत्येक स्टेशन में 12-12 एएफसी गेट लगाए जा रहे हैं, जिनमें छह प्रवेश और छह निकासी के लिए होंगे। वहीं बारादेवी से नौबस्ता तक पांचों एलिवेटेड स्टेशनों पर छह-छह एएफसी गेट की व्यवस्था की जा रही है।
यूपीएमआरसी ने बताया कि कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर परीक्षण कार्य जारी है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त के अनुमोदन के बाद नौबस्ता तक यात्री सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में कानपुर मेट्रो की सेवाएं आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक संचालित हैं।